कलियर विधानसभा में आज उस समय राजनीतिक माहौल गरमा गया, जब विधानसभा संयोजक मुनीश सैनी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी का पुतला फूंककर विरोध प्रदर्शन किया। यह विरोध कांग्रेस पर बीजेपी को बदनाम करने और अंकित भंडारी मर्डर केस को लेकर अनर्गल आरोप लगाने के खिलाफ किया गया। इस मौके पर विधानसभा संयोजक मुनीश सैनी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी लगातार भाजपा और उसके नेताओं को बदनाम करने की साजिश कर रही है। अंकित भंडारी हत्याकांड में जानबूझकर भाजपा नेताओं का नाम घसीटने की कोशिश की जा रही है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। मुनीश सैनी ने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि कांग्रेस पार्टी इसी तरह बेबुनियाद आरोप लगाती रही, तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर इसका कड़ा विरोध करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा किसी भी सूरत में झूठे आरोपों को बर्दाश्त नहीं करेगी। इस प्रदर्शन के दौरान कलियर विधानसभा के सभी मंडल अध्यक्ष, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे। पूरी विधानसभा में भाजपा की एकजुटता और संगठनात्मक मजबूती साफ नजर आई। वहीं इस विरोध प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह की मौजूदगी ने कार्यक्रम को और मजबूती दी। भाजपा नेताओं ने एक स्वर में कहा कि कांग्रेस की राजनीति केवल भ्रम फैलाने की है, जिसका जवाब जनता आने वाले समय में देगी।
Read More