संगठन पत्रकारों के अधिकार, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान के लिए संघर्षरत : अतुल कपूर ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन कर्नाटक के वार्षिक समारोह की तैयारियों को लेकर बैठक संपन्न हरिद्वार/बेंगलुरू। ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन कर्नाटक इकाई के वार्षिक समारोह की तैयारियों को लेकर बेंगलुरू स्थित मंत्री फ्लोरा परिसर में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 18 मई को प्रेस क्लब परिसर में होने वाले वार्षिक समारोह की रूपरेखा, कार्यक्रम व्यवस्था तथा पत्रकार हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए अजय कुमार वाली ने कहा कि पत्रकार समाज का सजग प्रहरी होता है और उसके हितों की रक्षा करना संगठन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन ने कर्नाटक में अपनी सक्रियता, सामाजिक सरोकारों और पत्रकारों की आवाज को मजबूती से उठाकर पत्रकारिता जगत में विशिष्ट पहचान स्थापित की है। इस अवसर पर सुरेश कुमार सिन्हा ने कहा कि आगामी वार्षिक समारोह केवल औपचारिक आयोजन नहीं होगा, बल्कि यह पत्रकार एकता, सम्मान और अधिकारों के संरक्षण का प्रभावशाली मंच बनेगा। बैठक में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवी प्रसाद गुप्ता के मार्गदर्शन में पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई। बैठक में बताया गया कि ग्रामीण पत्रकार एसोसिएशन लंबे समय से केंद्र एवं राज्य सरकारों से पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग कर रहा है, ताकि समाचार संकलन के दौरान पत्रकारों को हिंसा, उत्पीड़न और दबाव जैसी परिस्थितियों का सामना न करना पड़े। साथ ही पत्रकारों के लिए स्वास्थ्य सहायता योजनाएं, दुर्घटना बीमा, आपातकालीन सहयोग व्यवस्था तथा आर्थिक रूप से कमजोर पत्रकार परिवारों के समर्थन हेतु विभिन्न योजनाओं पर भी कार्य किया जा रहा है। वक्ताओं ने कहा कि ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों में कार्यरत पत्रकार कठिन परिस्थितियों में समाज के सामने सच्चाई लाने का कार्य करते हैं, इसलिए उनके सम्मान, सुरक्षा और सामाजिक संरक्षण के लिए ठोस कदम उठाना समय की आवश्यकता है। कर्नाटक प्रदेश अध्यक्ष अतुल कपूर ने सभी पत्रकार साथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन पत्रकारों के अधिकारों, सुरक्षा और सामाजिक सम्मान के लिए निरंतर संघर्षरत रहेगा तथा आगामी वार्षिक समारोह पत्रकार एकता का सशक्त संदेश देगा। बैठक में सुरेश कुमार सिन्हा, सुजीत मंडल, मुकेश शुक्ला, अजय गुप्ता, राम गोपाल, एस.के. श्रीवास्तव, येल्ला रेड्डी, डॉ. अजीत कार सहित अनेक पत्रकार एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Read More