news

जलभराव और बिजली संकट पर फूटा बत्रा कॉलोनी का गुस्सा, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

रुड़की, संवाददाता। रुड़की विधानसभा क्षेत्र के आदर्श नगर स्थित बत्रा कॉलोनी में वर्षों से चली आ रही जलभराव और बिजली संकट की समस्या को लेकर रविवार को स्थानीय लोगों का आक्रोश खुलकर सामने आया। कॉलोनीवासियों ने एकत्र होकर प्रदर्शन किया और अपनी समस्याओं के समाधान की मांग उठाई। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित विभागों के खिलाफ नाराजगी व्यक्त की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि बरसात के मौसम में पूरी कॉलोनी जलमग्न हो जाती है, जिससे सड़कों और गलियों में पानी भर जाता है और लोगों का घरों से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। उनका आरोप है कि नगर निगम एवं जनप्रतिनिधियों को कई बार शिकायतें देने के बावजूद आज तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। स्थानीय निवासियों ने बताया कि क्षेत्र में बिजली व्यवस्था भी गंभीर संकट से गुजर रही है। कई स्थानों पर बिजली के तार झूल रहे हैं, खंभे क्षतिग्रस्त हैं और ट्रांसफार्मरों की संख्या भी आवश्यकता के अनुरूप नहीं है। लोगों का आरोप है कि कॉलोनी के समीप स्थित खेतों में लगे किसानों के ट्यूबवेल ट्रांसफार्मरों के कनेक्शन को कॉलोनी की बिजली व्यवस्था से जोड़ दिया गया है, जिसके कारण क्षेत्र में लगातार लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इससे गर्मी के मौसम में पंखे, कूलर और अन्य विद्युत उपकरण सुचारु रूप से कार्य नहीं कर पाते, जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अपनी समस्याओं को प्रमुखता से उठाने के लिए कॉलोनीवासियों ने लोकतांत्रिक जनमोर्चा एवं कांग्रेस नेता सुभाष सैनी को मौके पर बुलाया। इस दौरान सुभाष सैनी ने आरोप लगाया कि रुड़की विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा वर्षों से जनता को केवल आश्वासन देते आ रहे हैं, जबकि धरातल पर विकास कार्य और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता जलभराव, बिजली संकट और अन्य बुनियादी समस्याओं से जूझ रही है, लेकिन जिम्मेदार जनप्रतिनिधि इन समस्याओं के समाधान के प्रति गंभीर दिखाई नहीं दे रहे हैं। सुभाष सैनी ने आरोप लगाया कि शेरपुर हत्याकांड के दौरान भी पीड़ित परिवारों को मुआवजा दिलाने का वादा किया गया था, जिसे आज तक पूरा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि हरिद्वार के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक तथा रुड़की विधायक एवं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस लगातार जनहित के मुद्दों को उठाती रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में इन्हीं मुद्दों को लेकर जनता के बीच जाएगी। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि बत्रा कॉलोनी में जलनिकासी व्यवस्था, बिजली आपूर्ति और लो-वोल्टेज की समस्या का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और संबंधित जनप्रतिनिधियों की होगी। प्रदर्शन में ओमवीर धीमान, अजीत प्रताप सिंह, अजय सैनी, रोहित कुमार, प्रदीप बालियान, आदेश त्यागी, रमेश सैनी, सोनू सैनी, मनीष तनेजा, सचिन कुमार, जितेंद्र कुमार, दीपक कुमार, अनमोल कुमार, देवेंद्र कुमार, अनिल कुमार, राकेश डोली, रोहित जैन, राहुल जैन सहित बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी एवं महिलाएं उपस्थित रहीं।

Read More

You can share this News!

Watch Videos
news
news
news